Bokaro : झारखंड में बोकारो जिले की ट्रेजरी से अवैध निकासी मामले में जांच कर रही सीआईडी की एसआईटी को एक और बड़ी सफलता मिली है। टीम ने बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त एएसआई अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार किया है।जांच में सामने आया है कि इस पूरे मामले का संबंध पहले से गिरफ्तार लेखापाल कौशल कुमार पांडेय से जुड़ा हुआ है।
सीआईडी के अनुसार, कौशल कुमार पांडेय के खाते से अशोक भंडारी के खाते में करीब 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। दोनों मिलकर फर्जी तरीके से कार्य निर्गत कर टीए बिल के जरिए अवैध निकासी करते थे।सीआईडी की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि साल 2020 से अब तक अशोक भंडारी के बैंक खाते से कुल 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध निकासी की गई है।
इस संबंध में सीआईडी ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है।गौरतलब है कि बोकारो और हजारीबाग जिले में ट्रेजरी घोटाले के बाद राज्य सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है, जिसका नेतृत्व आईजी पंकज कंबोज कर रहे हैं।इससे पहले 27 अप्रैल को एसआईटी ने गृहरक्षक वाहिनी से जुड़े सतीश कुमार को गिरफ्तार किया था, जो बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में ही प्रतिनियुक्त था।
उसके बैंक खाते में करीब 1.06 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ था। सीआईडी ने इस मामले में 43 लाख रुपये की राशि को फ्रीज भी कर दिया है।इस घोटाले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्ष लगातार जांच पर सवाल उठा रहा है और मामले को दबाने के आरोप लगा रहा है।

