Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में सरजमदा स्थित कुम्हार टोला में दहशत फैलाने की गंभीर घटना सामने आई है। यहां रहने वाली प्रिया देवी ने आरोप लगाया है कि उनके पति की हत्या के मामले में दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद उन्हें और उनके परिवार को धमकाने के लिए घर के बाहर बम फेंका गया।
प्रिया देवी के पति स्वर्गीय संजीव सिंह की वर्ष 2016 में गोविंदपुर थाना क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गोविंदपुर थाना कांड दर्ज हुआ था, जो अपर सत्र न्यायाधीश पंचम, जमशेदपुर की अदालत में चला। न्यायालय ने 21 जनवरी 2026 को दो आरोपियों को दोषी ठहराया और 27 जनवरी 2026 को उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
धमकी दे रहे थे दोषियों के साथी
पीड़िता का कहना है कि फैसले के बाद से ही दोषियों से जुड़े लोग उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं। हाल ही में देर रात बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके घर पहुंचे, बम में आग लगाई और घर के बाहर फेंककर फरार हो गए। इस घटना से पूरे परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल है।
प्रिया देवी ने बताया कि उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो लोग बाइक से आते हैं, बम जलाते हैं और घर के बाहर फेंककर भाग जाते हैं। यह सीसीटीवी फुटेज उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को सौंप दी है और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
परिवार को डराने के लिए किया गया हमला
पीड़िता का आरोप है कि यह हमला उन्हें और उनके परिवार को डराने-धमकाने के उद्देश्य से किया गया है, ताकि वे कानूनी प्रक्रिया से पीछे हट जाएं। उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन से उनके घर पर स्थायी पुलिस सुरक्षा देने और न्यायालय आने-जाने के दौरान भी सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे बिना भय के न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर सकें।
Read Also: Jamshedpur Fire : गाजाडीह में अचानक घर में लगी आग से सारा घरेलू सामान जलकर राख

