Home » मेल से दहशत फैलाने का खेल…रांची समाहरणालय समेत तीन जिलों के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट

मेल से दहशत फैलाने का खेल…रांची समाहरणालय समेत तीन जिलों के कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के समाहरणालय एवं साहिबगंज और धनबाद कोर्ट को गुरुवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे तीनों जगहों पर हड़कंप मच गया। धमकी ईमेल के जरिए दी गई, जिसके बाद तीनों स्थानों पर पुलिस-प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और व्यापक सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई। मेल से दहशत फैलाने का खेल लगातार चल रहा है।

रांची के समाहरणालय भवन को लगातार दूसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। पूरे परिसर की सघन जांच शुरू की। हर कोने की तलाशी ली गई और संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई। एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।

कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की जांच की जा रही है और इसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, अब तक किसी भी तरह का विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी समाहरणालय को इसी तरह ईमेल के जरिए धमकी मिल चुकी है।

साहिबगंज सिविल कोर्ट परिसर को खाली कराया गया

इधर, साहिबगंज सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। जजों, वकीलों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एसपी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

धनबाद कोर्ट परिसर में चला तलाशी अभियान

वहीं धनबाद कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिलने के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कोर्ट परिसर को खाली कराया और तलाशी अभियान चलाया। यहां भी जांच के दौरान कोई विस्फोटक नहीं मिला है।

तीनों घटनाओं के बाद राज्यभर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। पुलिस साइबर टीम के साथ मिलकर ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल एहतियात के तौर पर सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

Read Also: रुपये दो… रूस में दिलाएंगे नौकरी; झांसे में लेकर पलामू के युवाओं से ठगे 6.25 लाख रुपये, एक गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Comment