लखनऊ : उत्तर प्रदेश के विकास राज्य मंत्री औऱ बीजेपी नेता संजय सिंह गंगवार इन दिनों कैंसर औऱ ब्लड प्रेशर का उपचार बता रहे हैं। नौगवां पकड़िया में गंगवार नई गौशाला का उद्घाटन करने पहुंचे थे। कान्हा नाम की इस गौशाला को 55 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है।
इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कैंसर और बीपी का इलाज भी बताया। बातों-बातों में उन्होंने यह भी कहा कि मुसलमानों को भी ईद पर गौशाला आना चाहिए। रविवार को कान्हा गौशाला के उद्घाटन के बाद उन्होंने कहा कि गौशाला में लेटने और उसकी सफाई करने से किसी का भी कैंसर ठीक हो सकता है। साथ ही यह भी कहा कि गाय की पीठ को सहलाने से ब्लड प्रेशर भी कम होता है।
आगे गंगवार ने कहा कि यदि किसी के घर पर ब्लड प्रेशर का मरीज है और उसके घर पर गाय है, तो उस व्यक्ति को रोज सुबह-शाम गाय की पीठ पर हाथ फेरनी चाहिए और उसकी सेवा करनी चाहिए। कोई अगर 20 मिलीग्राम की दवा ले रहा होगा, तो 10 दिनों के भीतर वो 10 मिलीग्राम हो जाएगी।
बीजेपी नेता ने आगे कहा कि अगर कैंसर का मरीज गौशाला की सफाई करना शुरू कर दे और वहां लेट जाएं तो कैंसर भी ठीक हो सकता है। गाय के गोबर के उपलों से मच्छरों से भी राहत मिलती है। गाय के उपयोग पर उन्होंने कहा कि गाय जो कुछ भी पैदा करती है, वह किसी न किसी रूप में उपयोगी होता है।
खेतों में मवेशियों के प्रवेश की शिकायत करने वाले किसानों को भी गंगवार ने फटकार लगाते हुए कहा कि हम अपनी मां की सेवा नहीं करते क्या। इसलिए मां कहीं न कहीं हमें नुकसान पहुंचा रही है।
ईद की सेवइयां गाय के दूध में बनाओ
मंत्री जी यहीं नहीं रुके, उन्होंने मुसलमानों को भी ईद पर गौशाला आने की सलाह दे दी। बीजेपी नेता ने कहा कि ईद के अवसर पर बनाई जाने वाली सेवइयां भी गाय के दूध में बनाई जानी चाहिए। उद्घाटन किए गए गौशाला में बेसहारा गायों के लिए चारे से लेकर दवाइयों तक की व्यवस्था की गई है। विकास मंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि लोग गौशाला से जुड़ें और अपना बर्थडे, एनिवर्सरी व सालगिरह जैसे उत्सव भी गौशाला में आकर मनाएं।
Read Also: Breast cancer awareness month : स्तन कैंसर : क्या हैं उपाय, कैसे करें बचाव

