Home » CCL के लाल व लाडली योजना के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, इंजीनियरिंग Aspirants को मिलेगा निःशुल्क कोचिंग का मौका

CCL के लाल व लाडली योजना के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, इंजीनियरिंग Aspirants को मिलेगा निःशुल्क कोचिंग का मौका

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत चलाई जा रही लोकप्रिय ‘सीसीएल के लाल’ और ‘सीसीएल की लाडली’ योजना के 2026-28 सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा कर दी है। वर्ष 2012 से लगातार संचालित यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए पूरी तरह निःशुल्क और उच्च गुणवत्ता वाली सुविधाएं उपलब्ध कराती है।
चयनित विद्यार्थियों को रांची में सीसीएल के अध्ययन केंद्र पर आईआईटी एलुमनाई और सीसीएल अधिकारियों द्वारा विशेष इंजीनियरिंग कोचिंग दी जाती है। साथ ही गांधीनगर के प्रतिष्ठित डीएवी स्कूल में सीबीएसई पैटर्न पर 11वीं और 12वीं की पढ़ाई कराई जाती है। आवास की अलग व्यवस्था है – लड़कों के लिए गांधीनगर सीसीएल कॉलोनी में ‘सीसीएल के लाल हॉस्टल’ और लड़कियों के लिए जवाहरनगर सीसीएल कॉलोनी में हॉस्टल सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। सभी छात्रों को पौष्टिक भोजन भी मुफ्त मिलता है।योजना में छात्रों को ऑल इंडिया टेस्ट सीरीज से जोड़ा जाता है, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के मुकाबले अपनी तैयारी का सही आकलन कर सकें। अभिभावक-शिक्षक बैठकें भी नियमित रूप से होती हैं, जिसमें बच्चों की प्रगति और समग्र विकास पर चर्चा की जाती है।
नए सत्र 2026-28 के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। पात्रता शर्तों के अनुसार अभ्यर्थी को 2026 में कम से कम 50 प्रतिशत अंकों से दसवीं पास होना चाहिए। साथ ही आवेदक या उसके अभिभावक का निवास स्थान किसी सीसीएल प्रतिष्ठान से 25 किलोमीटर की दूरी के दायरे में होना अनिवार्य है। परिवार की वार्षिक आय आठ लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए, हालांकि सीसीएल कर्मचारियों के आश्रितों के लिए आय सीमा की यह शर्त लागू नहीं होगी।
सीसीएल अधिकारियों ने बताया कि यह योजना कंपनी के प्रभाव क्षेत्र के गरीब लेकिन प्रतिभाशाली बच्चों को देश के शीर्ष इंजीनियरिंग संस्थानों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है। पिछले कई सत्रों में इस योजना से पढ़े छात्रों ने आईआईटी, एनआईटी सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश हासिल किया है। इच्छुक अभ्यर्थी सीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर आवेदन कर सकते हैं।

Related Articles