चाईबासा : झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत रविवार को खेले गए मैच में यंग झारखंड क्रिकेट क्लब चाईबासा ने फ्रेंड्स कोल्टस चाईबासा को एकतरफा मुकाबले में 126 रनों से पराजित किया।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यंग झारखण्ड की टीम ने निर्धारित तीस ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 329 रनों का स्कोर खड़ा किया। यंग झारखंड की ओर से सन्नी मिश्रा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए छः चौके एवं आठ छक्के की सहायता से 98 रन बनाए और मात्र दो रन से शतक बनाने से चूक गए। अन्य बल्लेबाजों में अमोस एक्का ने 46, सत्यम यादव ने 44, सूरज कुमार ने 37, राजीव रंजन ने 29 तथा प्रशांत कुमार ने 20 रन बनाए। फ्रेंड्स कोल्टस की ओर से आयुष निषाद ने 69 रन देकर दो विकेट हासिल किए। भूपेंद्र बालमुचू, राहुल पिंगुवा, नारायण हेंम्ब्रम एवं अनित रोशन कुजूर को एक-एक सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंड्स कोल्टस की टीम 27.1 ओवर में 203 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस टीम की ओर से अनित रोशन कुजूर ने नौ चौके की सहायता से सर्वाधिक 44 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में अंकित शर्मा ने 30, यश कुमार ने 26 तथा यश राज ने 24 रनों का योगदान दिया। यंग झारखण्ड की ओर से सत्यम यादव ने 32 रन देकर तीन विकेट, सन्नी मिश्रा ने 40 रन देकर तीन, अमोस एक्का ने 22 रन देकर दो तथा आशीष तनवर ने 25 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
इस प्रतियोगिता में कल फ्रेंड्स क्लब चाईबासा का मुकाबला गोप एवं सिंह क्लब बड़ा जामदा से होगा।

