Home » Chaibasa Cricket Match : चाईबासा क्रिकेट क्लब को पराजित कर एसआर रुंगटा ग्रुप सेमीफाईनल में

Chaibasa Cricket Match : चाईबासा क्रिकेट क्लब को पराजित कर एसआर रुंगटा ग्रुप सेमीफाईनल में

Jharkhand Hindi News : अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26‌ में MCC चाईबासा का मुकाबला चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी से होगा

by Rajeshwar Pandey
Chaibasa Cricket Match
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : विजय रोहित (74) एवं कुलदीप मंडल (52) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत एसआर रूंगटा ग्रुप ने चाईबासा क्रिकेट क्लब को पांच विकेट से पराजित कर सेमीफाईनल में अपना स्थान पक्का कर लिया‌ है। अब सेमीफाईनल में एसआर रुंगटा ग्रुप का मुकाबला गत वर्ष की उपविजेता टीम सेरसा चक्रधरपुर से 16 फरवरी को होगा।


पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर आज खेले गए चौथे एवं अंतिम क्वार्टर फाईनल मैच में टॉस एसआर रुंगटा ग्रुप के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए चाईबासा क्रिकेट क्लब की टीम ने साकेत कुमार सिंह की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत निर्धारित तीस ओवर में छः विकेट के नुकसान पर 236 रनों का स्कोर खड़ा किया। पारी की शुरुआत करने आए साकेत ने दस चौके तथा चार छक्के की सहायता से 89 रन बनाए और एक बार पुनः शतक बनाने से चूक गया। इससे पूर्व सात फरवरी को देवेंद्र मांझी क्रिकेट क्लब के विरुद्ध भी उसने 95 रन बनाए थे और 5 रन से शतक बनाने से चूक गया था।

साकेत के अलावा सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रोहित बरजो ने भी पांच चौके और चार छक्के की मदद से नाबाद 70 रन बनाकर टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचाया। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया। एसआर रूंगटा ग्रुप की ओर से विजय रोहित ने दो विकेट हासिल किए। जबकि नीतीश कुमार, कप्तान अभिषेक कच्छप एवं मो वसीम को एक-एक सफलता हाथ लगी।


जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसआर रूंगटा ग्रुप की टीम ने 27.2 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 238 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। एसआर रूंगटा ग्रुप की ओर से विजय रोहित एवं कुलदीप मंडल ने शानदार अर्द्धशतकीय पारी खेलकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विजय रोहित ने सात चौके एवं चार छक्के की सहायता से 74 तथा कुलदीप मंडल ने पांच चौके एवं दो छक्के की मदद से 52 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में विकेटकीपर बल्लेबाज राहुल महतो ने नाबाद 33 रन, उद्घाटक बल्लेबाज प्रीतम महतो ने 32 रन तथा विनय रजक ने दो चौके एवं एक छक्का की सहायता से 23 रनों का योगदान दिया।

चाईबासा क्रिकेट क्लब की ओर से रोहित बरजो ने 56 रन देकर दो विकेट हासिल किए। सत्यम सिंह, विकास रजक एवं दीपेश कुमार को एक-एक सफलता हाथ लगी। अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत कल पहले सेमीफाईनल में गत वर्ष की चैंपियन टीम एमसीसी चाईबासा का मुकाबला चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी से होगा।

Read Also- Gumla ACB Raid : गुमला में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते लघु सिंचाई कार्यालय का Cashier गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Comment