जमशेदपुर : आर्का जैन विश्वविद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, अनुशासन एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा विश्वविद्यालय परिसर तिरंगे से पटा और देशभक्ति गीतों से गुंजायमान रहा। समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय के प्रांगण में ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद एनसीसी (NCC) कैडेट्स ने एक गौरवपूर्ण एवं अनुशासित परेड प्रस्तुत की। कैडेट्स के शानदार प्रदर्शन ने उपस्थित सभी लोगों में जोश और देशभक्ति का संचार किया।

समारोह को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय के प्रो वाइस चांसलर डॉ. अंगद तिवारी ने भारतीय संविधान को राष्ट्र की जीवंत आत्मा की संज्ञा दी और इसके लोकतांत्रिक मूल्यों को अक्षुण्ण रखने का आह्वान किया। उन्होंने अपने विचारों से युवाओं में नई चेतना का संचार करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण की यात्रा में केवल सहयात्री मात्र नहीं, बल्कि इसके सारथी और भविष्य के नेतृत्वकर्ता हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के शिखर को छूने, देश के सामाजिक व आर्थिक उत्थान के प्रति अपनी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को भी उतनी ही प्रखरता से निभाने के प्रति प्रेरित किया।
इस गरिमामयी अवसर पर विश्वविद्यालय के डायरेक्टर कम रजिस्ट्रार डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. अरविंद कुमार पांडेय, विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक- शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे।
समारोह के समापन पर सभी ने भारत की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखने का दृढ़ संकल्प लिया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों के बीच राष्ट्रीय चेतना और एक जिम्मेदार नागरिक होने के बोध को और अधिक सुदृढ़ किया।
Read Also- Chaibasa News : चाईबासा नगर परिषद को मिला नया प्रशासक : IAS सिद्धांत कुमार ने बताई अपनी प्राथमिकताएं

