चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में चाईबासा के एसपी अमित रेनू ने समाहरणालय में जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में आगामी रामनवमी, सरहुल, हिंदू नव वर्ष, चैती दुर्गा पूजा और ईद-उल-फितर के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर क्राइम मीटिंग का भी रिव्यू किया गया।
बैठक के दौरान एसपी ने कहा कि आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण त्योहार एक साथ पड़ रहे हैं, ऐसे में प्रशासन के सामने इन्हें शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना बड़ी जिम्मेदारी होगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और सभी पर्व आपसी भाईचारे के साथ मनाएं।
बैठक में पिछली क्राइम मीटिंग में दिए गए निर्देशों और एजेंडे पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना क्षेत्रों से अपराध की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुराने मामलों का अनुसंधान जल्द पूरा करें।
एसपी अमित रेनू ने कहा कि जिले में आने वाले दिनों में रामनवमी, सरहुल, हिंदू नव वर्ष, चैती दुर्गा पूजा और ईद-उल-फितर जैसे महत्वपूर्ण पर्व हैं। खासकर चक्रधरपुर और चाईबासा की रामनवमी काफी प्रसिद्ध है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जुलूस, भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाए।
उन्होंने बताया कि हाल ही में होली का पर्व जिले में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है और आने वाले त्योहार भी उसी तरह शांति और सौहार्द के साथ मनाए जाएं, इसके लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। एसपी ने लोगों से उत्साह के साथ पर्व मनाने की अपील करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही महिला और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में नशे के कारोबार और उससे जुड़े अपराधों पर भी चर्चा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में नशे के अवैध कारोबार पर कड़ी नजर रखें और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान नशे के कारण किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस पहले से ही सतर्क रहेगी।

