चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में आठ दिसंबर को चक्रधरपुर–खरसावां मार्ग पर कियापाता गांव के पास और कुमारडुंगी के तोरलो में लूट को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कांड में इस्तेमाल की गई सिल्वर कलर की ऑल्टो कार, दो कट्टा और कारतूस भी बरामद हुए हैं। अपराधियों को रांची-चाईबासा मार्ग (एनएच 75ई) में शारदा गांव के पास दबोचा गया। पकड़े गए अपराधियों में सरोज बोदरा (26) ग्राम तिलोपदा थाना-टोकलो, श्यामलाल केराई (28) ग्राम- आराहांगा थाना-टोकलो और सिकंदर केराई (29) ग्राम-आराहांगा थाना-टोकलो शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि चक्रधरपुर–चाईबासा सड़क मार्ग में अवैध हथियार के साथ कुछ अपराधी ऑल्टो कार से घूम रहे हैं। वे किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन के बाद एसपी ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने शारदा गांव के पास ऑल्टो कार को रोककर तलाशी ली। उसमें तीनों अपराधी बैठे थे। तलाशी के क्रम में सरोज बोदरा के पास से एक कट्टा और एक कारतूस, कार की डिक्की से एक कट्टा और 7200 रुपया भी बरामद किया गया।

पूछताछ के क्रम में अपराधियों ने बताया कि 8 दिसंबर को कुमारडुंगी के तोरलो मोड़ के पास अपने नौ अन्य साथियों के साथ मिलकर इसी ऑल्टो कार एवं अन्य तीन बाइक का उपयोग कर एक व्यापारी से 65 हजार रुपये लूटे थे। उसी दिन इसी कार से वापस अपने घर लौटने के क्रम में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कियापता गांव के पास से एक बाइक सवार व्यक्ति से मोबाइल फोन और 1200 रुपये छीने थे।
इसके अलावा सोनुआ थाने में जून में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में श्यामलाल केराई नामजद अभियुक्त है। छापेमारी टीम में एसडीपीओ बहामन टुटी, सब-इंस्पेक्टर विनोद कुमार, सब- इंस्पेक्टर दिनेश कुमार, नागेंद्र एवं मुफस्सिल थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
Read Also- Saranda IED Blast News : सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट, कोबरा का दो जवान घायल

