चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों ने फिर से सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बलिबा गांव के पास चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए आईईडी विस्फोट हो गया, जिसमें कोबरा बटालियन 209 का दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि इस घटना में पुलिस के जवान और ग्रामीण भी घायल हैं।

पश्चिमी सिंहभूम जिला के एसपी अमित रेनू ने घटना की पुष्टि की है लेकिन घायलों की संख्या अब तक स्पष्ट नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार विस्फोट उस वक्त हुआ जब सुरक्षाबल नक्सल विरोधी अभियान के तहत जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।
घायल जवान को रांची ले जाने की तैयारी
कोबरा बटालियन 209 के घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद एयर लिफ्ट कर रांची ले जाने की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे हैं अभियान
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और हाल ही में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलताएं मिली हैं। नक्सलियों की इस हिंसा से इलाके में दहशत फैल गई है।
प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की
प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल के गहरे इलाकों में सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। सुरक्षा बलों का कहना है कि नक्सलियों को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

