कोडरमा। झारखंड के Koderma जिले में एक बार फिर मानवता शत्मरमसार हुई है। जंगल में प्लास्टिक का बोरा फेंका था। उससे महिला का पैर बाहर निकला था। खोलकर देखा तो शर्म से सभी की आंखें बंद हो गईं। इसमें अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव बंद था।
मंगलवार सुबह मेघातरी स्थित पैरी माइंस के पास सड़क किनारे जंगल में बोरे में बंद महिला का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार को स्थानीय ग्रामीण सुबह टहलने निकले थे, तभी उनकी नजर जंगल में पड़े एक प्लास्टिक बोरे पर पड़ी। संदेह होने पर जब उन्होंने पास जाकर देखा तो बोरे से महिला का पैर बाहर निकला हुआ था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस मामले को दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला मान रही है। हालांकि, अभी तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस टीम फिंगरप्रिंट, डीएनए जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शव की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जांच की जा रही है।
लगातार दूसरी घटना से फैली दहशत
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही कोडरमा थाना क्षेत्र में Holy Family Hospital के पास एक खाली परिसर से भी इसी तरह एक महिला का अर्धनग्न शव बरामद हुआ था। उस मामले में भी अब तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
लगातार दो घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। खासकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है और वे अकेले बाहर निकलने से डर रही हैं।
स्थानीय लोगों ने उठाए सुरक्षा के सवाल
इलाके के निवासियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी जरूरी है।
लोगों का यह भी कहना है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
पुलिस ने तेज की जांच, लिंक तलाशने की कोशिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच तेज करने के निर्देश दिए हैं। दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित कनेक्शन की भी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
लापता महिलाओं की जानकारी देने की अपील
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी की महिला परिजन लापता है तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें, ताकि शव की पहचान हो सके। प्रारंभिक तौर पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया हो।
इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं।

