RANCHI: फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और चीन के बीच व्यापार वे निवेश सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। मंगलवार को चेंबर भवन में चीन के कोलकाता स्थित महावाणिज्य दूत शू वेई ने चेंबर पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा सहित अन्य सदस्यों ने उनका स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल में बाई एन और ली शुयुए भी शामिल थे।
बैठक में झारखंड और चीन के बीच व्यापार, निवेश और औद्योगिक सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। चेंबर ने झारखंड को खनिज संपदा से समृद्ध राज्य बताते हुए इस्पात, खनन और इंजीनियरिंग क्षेत्रों में निवेश के बड़े अवसरों की जानकारी दी। साथ ही राज्य की रणनीतिक लोकेशन को भी निवेश के लिए अनुकूल बताया गया।
इस अवसर पर खनन में वैल्यू एडिशन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, फूड प्रोसेसिंग, कृषि और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया गया। चेंबर ने चीन में व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भेजने का प्रस्ताव भी रखा, जिसे महावाणिज्य दूत ने सकारात्मक रूप से लिया और सहयोग का भरोसा दिया। दोनों पक्षों ने भविष्य में संपर्क बनाए रखते हुए सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।

