Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार की रात चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए एक सरकारी स्कूल समेत तीन घरों को निशाना बनाया और लाखों रुपये के गहने, नगदी व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में दहशत और असुरक्षा का माहौल है।
शुक्रवार को पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और एफआईआर दर्ज की। गौरतलब है कि पहली घटना जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के भुरकाडीह गांव निवासी गायत्री भक्त के घर में हुई। देर रात चोर लोहे के सबल से मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए। उस वक्त भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे। इसका फायदा उठाकर चोरों ने घर के अंदर रखी दो अलमारियों को खंगाला और करीब ढाई लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने व साढ़े चार हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए। सुबह परिवार के लोगों ने नीचे आकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं।
इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय लोगों और पुलिस को दी गई।इसी रात चोरों ने मोनिका रानी भक्त और किशोर कुमार गिरी के घर को भी निशाना बनाया। दोनों घरों की कुंडी तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए और नगदी समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। हालांकि दोनों परिवारों द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।चोरों का दुस्साहस यहीं नहीं थमा। जाते-जाते उन्होंने आसनवनी उत्क्रमित उच्च विद्यालय को भी निशाना बना लिया।
चोरों ने स्कूल के सात कमरों का ताला तोड़ दिया और वहां रखी करीब 25 हजार रुपये मूल्य की सामग्री, जरूरी दस्तावेज और कई सरकारी फाइलें लेकर फरार हो गए। स्कूल में चोरी की खबर सामने आते ही शिक्षकों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। सरकारी फाइलों की चोरी ने स्कूल प्रबंधन की चिंता और बढ़ा दी है।घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी में शामिल अपराधियों की तलाश की जा रही है।
लगातार हो रही इन वारदातों के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। उनका मानना है कि नियमित और सख्त पुलिस गश्ती से इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है।एक ही रात में चार जगहों पर हुई चोरी की इस घटना ने जादूगोड़ा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

