RANCHI : रांची में आगामी मानसून को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहरभर में सफाई अभियान तेज कर दिया है। जलजमाव की समस्या से निपटने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से निगम द्वारा बड़े नालों की युद्धस्तर पर सफाई कराई जा रही है। अभियान के तहत जेसीबी मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से नालों से गाद, प्लास्टिक और कचरा हटाया जा रहा है ताकि बारिश के दौरान पानी का प्रवाह बाधित न हो।
नगर निगम के अनुसार वार्ड संख्या 23 के हिंदपीढ़ी स्थित हरमू नदी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर गाद हटाने का कार्य किया गया। वहीं वार्ड संख्या 40 के ओल्ड विधानसभा क्षेत्र और सेक्टर-3 मार्केट के पास नालों की विशेष सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया गया। वार्ड संख्या 5 के बांधगाड़ी क्षेत्र में अवरुद्ध नालों को साफ कर पानी के बहाव को सामान्य किया गया। इसके अलावा वार्ड संख्या 32 में भी बड़े नालों की व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।
नगर निगम की ओर से बताया कि सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे और गाद का तुरंत उठाव भी सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि दोबारा नालियां जाम न हों। निगम की टीमों को नियमित मॉनिटरिंग और लगातार सफाई कार्य जारी रखने का निर्देश दिया गया है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि नालियों और नालों में कचरा, प्लास्टिक या निर्माण सामग्री न डालें। किसी भी सफाई या जलनिकासी संबंधी शिकायत के लिए लोग टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क कर सकते हैं।

