Home » Chaibasa News : जिले में 24 घंटे में अलग-अलग सड़क हादसे में 6 की मौत, NH-75E बनी खतरनाक

Chaibasa News : जिले में 24 घंटे में अलग-अलग सड़क हादसे में 6 की मौत, NH-75E बनी खतरनाक

Chaibasa News : पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारण सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

by Rajeshwar Pandey
Accident
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले में चाईबासा-रांची मुख्य मार्ग एनएच 75 ई के प्रति लोगों में डर बढ़ रहा है। एक बार फिर इस सड़क ने 6 जिंदगियां निगल ली हैं। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार युवक ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। उसे चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जबकि तीसरी घटना में सोमवार को बस की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला, चक्रधरपुर और किरीबुरू थाना क्षेत्र में रविवार की रात और सोमवार दोपहर को तब हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। घटना ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

बाइक पर थे चार सवार, ट्रक ने रौंद डाला

पहली दुर्घटना शनिवार आधी रात के बाद रात 1.30 बजे चाईबासा रांची मुख्य मार्ग एनएच 75 ई कराईकेला थाना के पास हुई। चाईबासा से एक ट्रक रांची की तरफ तेज गति से जा रहा था और उसने सामने चल रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी‌।मोटरसाइकिल पर एक साथ चार युवक सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

तीन की मौके पर मौत, चौथे ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने चारों घायलों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाने में मदद की। लेकिन डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। जबकि चौथे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

हादसे में मृत युवक चाईबासा, सरायकेला और जमशेदपुर के रहने वाले

कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने बताया कि दुर्घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत चक्रधरपुर अनुमंडल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। जब कि चौथे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतकों में एक चाईबासा सदर थाना के अंकुलटूटी गांव के 22 वर्षीय आकाश कुदादा, दो सरायकेला के कुचई थाना के सेलाईडीह के 19 वर्षीय आकाश गोप और 20 वर्षीय रवि बिरुली व चौथा युवक जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना के कुदादा गांव का 19 वर्षीय अर्जुन टुडु रहने वाले हैं। चारों के परिजनों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार चारों युवक तेज़ रफ़्तार केटीएम मोटरसाइकिल पर सवार होकर यात्रा कर रहे थे, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई। यह युवक इतनी रात को कहां जा रहे थे। यह भी गंभीर विषय बना हुआ है। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

ट्रक लेकर भागा चालक, बंदगांव में किया गया जब्त

मोटरसाइकिल और ट्रक के बीच टक्कर हो जाने के बाद ट्रक चालक गाड़ी लेकर रांची की तरफ भाग गया था। बाद में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना बंदगांव थाना पुलिस को दी। इसके बाद देर रात पुलिस ने ट्रक को बंदगांव में जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि चालक की हालत स्थिर बताई जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।प्रारंभिक जांच में ट्रक की तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।

तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को मारी टक्कर, मौत

रविवार देर शाम को चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के कुमारलोंग गांव में एक व्यक्ति को सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के कुमारलोंग गांव निवासी 45 वर्षीय लखिंद्र रुईदास शौच करने के लिए सड़क पार कर रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी।इस दुर्घटना से लाखिंद्र की मौत हो गई। घटना के बाद बाइक सवार फरार हो गया। इधर अनुमंडल अस्पताल में लखिंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

बस की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, दो घायल

किरीबुरू थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार किरीबुरू प्रोस्पेक्टिंग निवासी पवन करुवा अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से किरीबुरू से बड़ाजामदा की ओर जा रहा था। उसी दौरान, सेल प्रबंधन की बस जनशताब्दी यात्रियों को लेकर मेघाहातुबुरु की ओर लौट रही थी। जैसे ही बस वन विभाग टावर के पास तीखे मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रही मोटरसाइकिल से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल पर सवार तीनों युवक उछलकर बस के अंदर जा गिरे।

इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक पवन करुवा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना प्रभारी रोहित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने पवन करुवा को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बता दें कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटना पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। इससे सड़क सुरक्षा पर भी लोगों ने सवाल उठा रहे हैं।

Read Also: Arka Jain University : आर्का जैन विश्वविद्यालय में धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस, NCC कैडेट्स के भव्य परेड ने किया जोश व देशभक्ति का संचा

Related Articles