चाईबासा : झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटग़म्हरिया – बलांडिया मार्ग पर एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना 160 सीसी की हीरो एसपी बाइक और छोटा हाथी वाहन के साथ टकराने से हुई, जिससे एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नुरदा कूदापी निवासी 21 वर्षीय विक्रम सिंकू के रूप में हुई है। घटना के समय कुदापी गांव के युवक बाइक से नहाने के लिए तालाब जा रहे थे।
तभी हाटग़म्हरिया के पास रास्ते में छोटा हाथी यात्री वाहन से टकरा जाने के कारण तीन व्यक्ति गम्भीर रूप से ज़ख्मी हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से सरकारी एंबुलेंस से तीनों युवकों को सदर अस्पताल चाईबासा लाया गया, जहां दो जख्मी 22 वर्षीय भीम सिंह सिंकू और 17 वर्षीय बिपिन सिंकू का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जाता है की घटना का मुख्य कारण तेज रफ्तार होने के कारण हुआ। बताते चलें कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में हर महीना दर्जन भर से अधिक लोगों की मौत सड़क दुर्घटना में हो रही है। इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोग भी बिना हेलमेट पहने धड़ल्ले से तेज रफ्तार में बाइक चलाने से बाज नहीं आ रहे हैं।

