चाईबासा : सोमवार को चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए सन्नी उरांव तथा उदय माझी ने नामांकन पत्र दाखिल किए। दोनों ने गाजे-बाजे के साथ नामांकन जुलूस निकाले। इसमें समर्थकों की भारी भीड़ रही। इस दौरान शहर के चौक चौराहों पर स्थित शहीद स्मारक की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इधर, सोमवार को अध्यक्ष पद के एक तथा वार्ड पार्षद के लिए 22 नामांकन पत्र खरीदे गए। अध्यक्ष पद के लिए ललित मोहन गिलुवा ने नामांकन पत्र खरीदा है। जबकि अब तक 13 लोगों द्वारा अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र खरीदा गया है। वहीं नामांकन की अंतिम तिथि 4 फरवरी है। 4 तारीख को दोपहर बाद तीन बजे तक नामांकन किया जा सकेगा।

मोटरसाइकिल जुलूस के साथ निकला सन्नी उरांव, किया नामांकन
सोमवार को विधायक सुखराम उरांव के बेटे सन्नी उरांव ने आदिवासी मित्र मंडल पोटका स्थित भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समर्थकों के साथ मोटरसाइकिल जुलूस निकाला। इससे पहले सन्नी उरांव ने पूजा पाठ किया। समर्थकों का जुटान पोटका में हुआ। यहां से समर्थकों के साथ मोटरसाइकिल में नामांकन करने निकले।
जुलूस मेन रोड, ओवरब्रिज होते हुए शहीद भगत सिंह चौक पहुंचा। जहां शहीद भगत सिंह के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जुलूस आगे बढ़ा। इसके बाद चेक नाका स्थित बाल उद्यान में वीर राजा अर्जुन सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जुलूस सीधे प्रखंड कार्यालय पहुंचा। यहां भी भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए प्रत्याशी गाजे-बाजे के साथ समर्थकों को लेकर अनुमंडल कार्यालय आसनतलिया पहुंचे। यहां पोड़ाहाट अनुमंडल कार्यालय में निर्वाचन पदाधिकारी एलआरडीसी जेजे मुंडू को नामांकन पत्र सौंपा। नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से कहा कि नगर के विकास के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इसके लिए पहले से तैयारी थी। इस मौके पर समरेश सिंह, गोल्डी सिंह, बापी दत्ता, सरवर नेहाल, मोहम्मद हुसैन, कृष्णदेव शाह समेत काफी संख्या में समर्थक शामिल थे।
शहीद पिता देवेंद्र माझी को श्रद्धांजलि अर्पित कर नामांकन को निकले उदय माझी
सांसद जोबा माझी के पुत्र उदय माझी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। उदय माझी के नामांकन जुलूस में भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ उमड़ी। करीब तीन किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए उदय माझी आसनतलिया स्थित निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपने प्रस्तावक एवं समर्थक की उपस्थिति में एक सेट में नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन जुलूस से पूर्व उदय ने पोटका स्थित पूजा स्थल में जाकर पूजा अर्चना की।
Read Also- RANCHI CRIME NEWS: वर्द्धमान कंपाउंड हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

