रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन शुक्रवार को झारखंड विधानसभा में यूनिसेफ द्वारा आयोजित राउंड टेबल ऑन प्रीवेंटिंग चाइल्डहुड नॉन कम्युनिकेबल डिसीज थ्रू हेल्दी डाइट्स कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने गैर-संचारी बीमारियों से बचाव के लिए जीवनशैली में बदलाव और खानपान में लोकल इंडिजिनस फूड्स (मिलेट्स) के अधिक उपयोग पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजकल जीवनशैली, खानपान, पर्यावरण और जेनेटिक कारणों से डायबिटीज, कैंसर, हृदय रोग व अस्थमा जैसी कई गैर संचारी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। हर घर में कमोबेश ये बीमारियां देखने को मिल रही हैं। यदि हम अपनी स्वास्थ्य की देखभाल नहीं करेंगे तो ये बीमारियां गंभीर खतरा बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों से बचाव के लिए स्वस्थ आहार और शारीरिक गतिविधियों को अपनाना बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की बात की। उन्होंने कहा कि राज्य में बीमारियों की पहचान और उनके समुचित इलाज के लिए एक हेल्थ रिपोर्ट कार्ड बनाने की आवश्यकता है, ताकि हर क्षेत्र की स्वास्थ्य स्थिति का सही आंकलन किया जा सके। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है ताकि लोगों को समय पर इलाज मिल सके। मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में व्याप्त विशेष बीमारियों का जिक्र करते हुए कहा कि सिमडेगा में सिकल सेल और एनीमिया जैसी बीमारियां आम हैं। जबकि साहिबगंज और संथाल में कालाजार का प्रभाव ज्यादा है। ऐसे क्षेत्रों में सरकार ने इन बीमारियों का सही इलाज सुनिश्चित करने के लिए विशेष योजनाएं बनाई हैं।
बच्चों को हेल्दी डाइट जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को जंक फूड्स से बचाकर उन्हें हेल्दी डाइट्स देना जरूरी है। उन्होंने लोकल इंडिजिनस फूड्स, जैसे मिलेट्स को खाने में शामिल करने की बात की। इसके अलावा उन्होंने नवजात बच्चों की बीमारियों की समय पर पहचान और इलाज के महत्व पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने यूनिसेफ जैसी संस्थाओं की भागीदारी को भी सराहा, जो राज्य के दूर-दराज के इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ मिलकर सुदूर क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
ये रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र महतो, मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, यूनिसेफ की आस्था अलंग, डॉ कनीनिका मित्रा और अन्य प्रतिनिधि मौजूद थे।

