Home » बंदगांव में CM हेमंत सोरेन का BJP पर प्रहार- रोटी, बेटी, माटी की बात करनेवाली BJP की सत्ता वाले प्रदेशों में महिलाओं पर सबसे अधिक अत्याचार

बंदगांव में CM हेमंत सोरेन का BJP पर प्रहार- रोटी, बेटी, माटी की बात करनेवाली BJP की सत्ता वाले प्रदेशों में महिलाओं पर सबसे अधिक अत्याचार

by Anand Mishra
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बंदगांव : झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को बंदगांव (चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र) में झामुमो (JMM) प्रत्याशी सुखराम उरांव के पक्ष में चुनावी सभा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा (BJP) पर हमला करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं पर बढ़ते अपराधों को लेकर सवाल उठाए और कहा कि भाजपा सत्ता में आने के बाद “रोटी, बेटी और माटी” की बात करती है, लेकिन महिलाओं पर अत्याचार भाजपा शासित राज्यों में सबसे ज्यादा हो रहे हैं।


भाजपा पर सीधा हमला: महिलाओं के खिलाफ अपराध और आदिवासी समुदाय के मुद्दे


मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा झारखंड में महिलाओं के अधिकारों की बात करती है, लेकिन पूरे देश में महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा अपराध भाजपा शासित राज्यों में हो रहे हैं। मणिपुर में आदिवासी लड़की के साथ जो हुआ, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता, लेकिन न तो असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस पर कुछ बोला और न ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ कहा।”

उन्होंने मणिपुर में आदिवासियों पर हो रहे हिंसक हमलों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि इन मामलों में भाजपा और उसके नेताओं ने कभी भी ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने गुजरात के बिलकिस बानो मामले का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने आरोपियों को संरक्षण दिया और उनका स्वागत किया, जो नारी सम्मान की बात करने के काबिल नहीं हैं।


आदिवासी समुदाय पर सख्त टिप्पणी, भाजपा का असली उद्देश्य


हेमंत सोरेन ने भाजपा पर आदिवासी समुदाय की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को झारखंड के आदिवासियों से कोई लेना-देना नहीं है, बल्कि वह राज्य की खनिज संपदा पर नजरें गड़ाए हुए है। उन्होंने कहा, “इनकी असल चिंता आदिवासी नहीं, बल्कि झारखंड की खनिज संपत्ति है, जिसे ये अपनी कारोबारी मित्रों को देना चाहते हैं।”

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी आदिवासियों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है और उन्हें विस्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई आदिवासी अपनी ज़मीन नहीं छोड़ता तो उसे नक्सली बताकर जेल में डाल दिया जाता है।
झारखंड के मुद्दे और सुखराम उरांव का समर्थन

सीएम ने कहा कि भाजपा. चुनावी फायदे के लिए राज्य में समय से पहले चुनाव करवा रही है, ताकि सरकार की योजनाएं पूरी न हो पाएं। उन्होंने कहा, “हमने कोरोना काल में राज्य के मजदूरों को दूसरे राज्यों से लाकर उनकी मदद की, लेकिन भाजपा ने कभी उस काम की सराहना नहीं की।”
मुख्यमंत्री ने सुखराम उरांव को जिताने की अपील करते हुए कहा, “बाहर से आए नेताओं को यहां से भगाने के लिए हमें सुखराम उरांव को जिताना जरूरी है। झारखंड में फिर से गठबंधन सरकार बनेगी और सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।”

मुख्यमंत्री की घोषणाएं: महिला सम्मान राशि और विकास योजनाएं

मुख्यमंत्री ने महिला सम्मान राशि को बढ़ाकर 2500 रुपये करने की घोषणा की और कहा कि उनकी अगली सरकार हर घर एक लाख रुपये देने का काम करेगी। इसके अलावा उन्होंने अन्य विकास योजनाओं का भी जिक्र किया और वादा किया कि उनकी सरकार झारखंड के लोगों की परेशानियों को हल करेगी। मंच पर मुख्यमंत्री के साथ सिंहभूम सांसद जोबा मांझी, झामुमो प्रत्याशी सुखराम उरांव, कांग्रेस नेता अंबुराय चौधरी, प्रीतम बंकीरा, झामुमो नेता रामलाल मुंडा, और दिनेश जाना भी उपस्थित थे।’

Read Also- मतदान के दिन Tata Steel, Tata Motors समेत 90 से अधिक निजी कंपनियों व फैक्ट्री में Paid Leave

Related Articles