- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का किया धन्यवाद
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट 2025 का स्वागत करते हुए इसे सकारात्मक और प्रगतिशील बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट के माध्यम से केंद्र सरकार ने बिहार के विकास के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं, जो राज्य के आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बजट में बिहार के लिए कई खास प्रावधान किए गए हैं, जो राज्य के किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए लाभकारी साबित होंगे। उन्होंने विशेष रूप से मखाना उद्योग के लिए मखाना बोर्ड की स्थापना, बिहार में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की सुविधा और मिथिलांचल में पश्चिमी कोसी कैनाल परियोजना के लिए घोषित आर्थिक मदद की सराहना की।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मखाना बोर्ड की स्थापना से मखाना किसानों को उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। इसके साथ ही बिहार में अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की स्थापना से राज्य के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
इसके अलावा, उन्होंने पटना स्थित आईआईटी के विस्तार का भी स्वागत किया, जिससे तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और राज्य में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान की स्थापना से राज्य में युवाओं को कौशल और रोजगार के अवसर मिलेंगे, साथ ही खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
सीएम ने इनकम टैक्स स्लैब में 12 लाख रुपये तक की छूट की घोषणा को भी सराहा, जिससे मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी। इसके अलावा, किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट को 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किया जाना और सूक्ष्म उद्यमों के लिए एमएसएमई क्रेडिट गारंटी कवर को 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने से रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अंत में कहा कि इस बजट में गरीबों, युवाओं और किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जो स्वागत योग्य हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बेहतर बजट पेश करने के लिए धन्यवाद दिया।

