लखनऊः बीते 9 दिनों से चल रहे शारदीय नवरात्रि का आज समापन हो गया। शुक्रवार को कन्यापूजन के बाद कन्याओं को प्रसाद भक्तों ने अपना 9 दिन का व्रत खोला। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कन्याओं के पांव पखारे और उनकी पूजा-अर्चना की।
गोरखनाथ मंदिर में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। सीएम योगी भी मिशन शक्ति के तहत प्रत्येक वर्ष इस काम को विस्तार दे रहे है। कन्याओं की विशेष पूजा कर सीएम योगी ने महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया है। सीएम ने मंदिर स्थित अपने आवास पर कन्याओं के पांव पीतल के परात में जल डालकर धोए। दही, अक्षत, रोली-चंदन और शक्तिपीठ की वेदी पर उगाई हुई जौ से उनका तिलक किया।
विधि-विधान से कन्याओं की पूजा करने के बाद सीएम ने उन्हें चुनरी ओढ़ाई, आरती उतारी और अपने हाथों से भोजन परोसा। सीएम इस दौरान बालिकाओं से बातें भी कर रहे थे। इसके बाद उन्हें उपहार और दान-दक्षिणा देकर विदा किया गया। मुख्यमंत्री ने इसके बाद परंपरागत तरीके से बटुक पूजन भी किया।
नौ कन्याओं की पूजा के बाद सीएम आवास पर एकत्रित अन्य बालिकाओं और बटुकों को भी पूजा के बाद भोजन कराकर उपहार वितरित किया गया। इससे पहले सीएम योगी ने मंदिर प्रांगण में स्थित मां दुर्गा के नौंवे रुप सिद्धिदात्री शक्तिपीठ की भी पूजा की।

