सेंट्रल डेस्क। कॉनमैन के नाम से मशहूर सुकेश चंद्रशेखर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पास पहुंचे है। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए अपनी 22,410 करोड़ रुपये (लगभग $ 2.7 बिलियन) की विदेशी आय को घोषित करने की पेशकश की है। 2015 से करोड़ों रुपये के धोखाधड़ी मामले में तिहाड़ जेल में बंद सुकेश ने भारतीय कर योजना के तहत इस आय पर करों में 7,640 करोड़ रुपये का भुगतान करने की इच्छा व्यक्त की है।
इस संबंध में सुकेश ने वित्त मंत्री को पत्र लिखकर सूचित किया है। वित्त मंत्री सीतारमण को लिखे अपने पत्र में, कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर ने विस्तार से बताया कि उनके विदेशी व्यवसाय, एलएस होल्डिंग्स इंटरनेशनल और स्पीड गेमिंग कॉर्पोरेशन, क्रमशः नेवादा और ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स में पंजीकृत हैं, जो 2016 से जारी हैं।
आयकर वसूली कार्यवाही, लंबित अपीलों को निपटाने के लिए तैयार- सुकेश चंद्रशेखर
सुकेश के अनुसार, ये उद्यम ऑनलाइन और ऑफलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी केंद्रित हैं, इन उद्यमों के माध्यम से 2024 में 2.7 बिलियन डॉलर का महत्वपूर्ण कारोबार किया गया है। जिसका संचालन संयुक्त राज्य अमेरिका, स्पेन, यूके, दुबई और हांगकांग में होता है। कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर ने कहा कि वह भारत में चल रही आयकर वसूली कार्यवाही और लंबित अपीलों को निपटाने के लिए तैयार हैं।
ऑनलाइन कौशल गेमिंग व्यवसायों के क्षेत्र में करना चाहते हैं निवेश
कॉनमैन सुकेश चंद्रशेखर ने लिखा है कि वह वर्ष 2024 के लिए अपनी विदेशी आय पर करों में 7,640 करोड़ रुपये का भुगतान करने को तैयार हैं और वह उक्त आय को भारत में तकनीक और उन्नत ऑनलाइन कौशल गेमिंग व्यवसायों के क्षेत्र में भी निवेश करना चाहेंगे। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि सुकेश चंद्रशेखर ने एफएम सीतारमण को लिखे अपने पत्र में दावा किया है कि उनकी संपत्ति “कानूनी रूप से अर्जित” थी और अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग कानूनों के अनुरूप थी।
सुकेश चंद्रशेखर पर क्या आरोप है?
कुख्यात ठग पर बड़े पैमाने पर जबरन वसूली रैकेट चलाने का आरोप है, जहां उसने कथित तौर पर अमीर व्यक्तियों से सैकड़ों करोड़ रुपये ठगे। सुकेश चंद्रशेखर 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुख्य आरोपी है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से जारी है। वह दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा और विभिन्न एजेंसियों से अतिरिक्त आरोपों का सामना कर रहा है।
ईडी का मामला रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटरों शिविंदर सिंह और मलविंदर सिंह, सुकेश से कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कार्यवाही का सामना कर रहे सुकेश और उनकी पत्नी लीना मारिया पॉल को दिल्ली पुलिस ने पहले अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार किया था।
जैकलीन फर्नांडीज के साथ रिश्ते में होने की थी अफवाह
सुकेश के बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज के साथ रिश्ते में होने की भी अफवाह है, जिससे अभिनेत्री ने इंकार किया है।

