Jamshedpur : डीएवी पब्लिक स्कूल, बिष्टूपुर के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए जांच प्रक्रिया को तेज कर दिया है। उपायुक्त के निर्देश पर गठित जांच समिति ने स्कूल की प्रिंसिपल को नोटिस जारी कर 27 मई को सुबह 11.30 बजे एडीसी कार्यालय में उपस्थिति होकर सभी बिंदुओं पर जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। इस जांच समिति की अध्यक्षता एडीसी भगीरथ प्रसाद कर रहे हैं, जबकि अन्य सदस्यों में जमशेदपुर अक्षेस के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार और जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय शामिल हैं। जांच समिति ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम और सीबीएसई के मानकों के तहत स्कूल से कई महत्वपूर्ण सूचनाएं मांगी हैं।
इनमें वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक के नामांकित विद्यार्थियों की संख्या, न्यूनतम उम्र सीमा, स्कूल में कार्यरत शिक्षकों का विवरण, सेक्शन-वार कक्षाओं की जानकारी, विद्यार्थी-शिक्षक अनुपात और उसका पालन, स्कूल को आवंटित भूमि का विवरण, कक्षावार शुल्क संरचना, सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय स्कूल बस संचालन मानदंडों का अनुपालन और भवन से जुड़े नियम जैसे अग्निशमन व्यवस्था, इमरजेंसी एग्जिट और बिल्डिंग बाइलॉज के पालन की स्थिति शामिल हैं।
सूत्रों का कहना है कि इनमें से कई ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब स्कूल प्रबंधन के पास फिलहाल नहीं है। खासकर शिक्षा का अधिकार कानून (RTE) के तहत बीपीएल छात्रों के लिए आरक्षित 25 फीसदी सीटों को लेकर स्कूल की भूमिका संदिग्ध रही है। आरोप है कि स्कूल ने अपनी मर्जी से बीपीएल कोटे की 20 सीटें कम कर दी हैं और जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा भेजे गए नामों को नजरअंदाज किया जाता है।
जिला शिक्षा कार्यालय की ओर से यह भी शिकायत मिली है कि डीएवी प्रबंधन किसी भी सवाल का सीधा और स्पष्ट जवाब नहीं देता, जिससे प्रशासनिक प्रक्रिया बाधित होती है। अब देखना होगा कि आगामी 27 मई को स्कूल प्रबंधन जांच समिति के समक्ष क्या जवाब पेश करता है और जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई क्या होती है।
Read also – Jamshedpur Sanitation Workers Strike : मानगो में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से कचरा उठाव ठप, गंदगी का अंबार

