Jamshedpur : नगर पालिका चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड परिसर में बनाए गए पोलिंग पार्टी डिस्पैच सेंटर और मतगणना सह वज्रगृह केंद्र का मुआयना किया। यह निरीक्षण जमशेदपुर में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने की दिशा में किया गया है।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सामग्री वितरण केंद्र, स्ट्रांग रूम, पार्किंग स्थल और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी है कि मतदान कर्मियों को सामग्री वितरण की प्रक्रिया पूरी तरह सुव्यवस्थित, समयबद्ध और निर्बाध होनी चाहिए। इसके लिए काउंटर व्यवस्था, बैरिकेडिंग, उचित साइनेज और सहायता काउंटर सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सीसीटीवी से होगी स्ट्रांग रूम की निगरानी
स्ट्रांग रूम की जांच करते हुए उन्होंने सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश और निकास नियंत्रण के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती की समीक्षा की। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
पार्किंग को लेकर दी गई हिदायत
पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियों के वाहनों के लिए अलग पार्किंग, रूट चार्ट और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन प्लान पहले से तैयार रहे। ताकि डिस्पैच के दिन किसी तरह की बदइंतजामी नहीं हो।
कल तक सारी तैयारी पूरी करने के निर्देश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया का हर चरण जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ संपन्न करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन द्वारा नगर पालिका चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए सारी जरूरी तैयारी की जा रही हैं।

