
चाईबासा : राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के सख्त निर्देशों के बावजूद झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा क्षेत्र से अवैध बालू का परिवहन नहीं रुक रहा है। बिना वैध कागजात और क्षमता से अधिक लोड कर बालू ले जाने का सिलसिला लगातार जारी है।
रात में पकड़ा गया 1 डंपर
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बुधवार को देर रात 10 से 12 ओवरलोड डंपर बालू लेकर गोइलकेरा से चक्रधरपुर की तरफ आते देखे गए। इसी दौरान चक्रधरपुर में हनुमान मंदिर के पास पुलिस ने चेकिंग के दौरान 1 ओवरलोड डंपर को पकड़कर जब्त कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि पकड़े गए वाहन को छुड़ाने के लिए बालू कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा ऊपर तक ‘सेटिंग’ की जा रही है।
NGT के नियमों का उल्लंघन
NGT ने स्पष्ट किया है कि वैध खनन पट्टा, ट्रांजिट चालान और तय मानकों के बिना बालू का खन और ढुलाई पूरी तरह प्रतिबंधित है। लेकिन, गोइलकेरा इलाके से बिना चालान और ओवरलोड बालू की ढुलाई की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
सड़क और पर्यावरण को नुकसान
ओवरलोड वाहनों की वजह से NH और ग्रामीण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। इसके साथ ही दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। इससे सरकारी राजस्व को भी चूना लग रहा है।
लोगों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने डीसी, एसपी और जिला खनन पदाधिकारी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो वाहन मालिक, चालक, खनन माफिया और शामिल अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई हो। यह भी पता लगाया जाए कि अवैध बालू किसके संरक्षण में जिले में घुस रही है।
लोगों ने चेतावनी दी कि अगर अभी सख्त कदम नहीं उठाए गए तो यह अवैध कारोबार और फैलेगा, जिससे पर्यावरण, सड़क सुरक्षा और सरकार के राजस्व तीनों को नुकसान होगा।
एक डंपर किया गया जब्त
चक्रधरपुर के थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने कहा कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध रूप से बालू का परिवहन किया जा रहा है। पुलिस ने चक्रधरपुर में छापामारी का बालू लदा एक डंपर जब्त किया गया है। इसमें चालक किसी प्रकार का कागज नहीं दिखा सका। खनन विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है।
Read Also Chaibasa News : गोईलकेरा में अवैध बालू परिवहन पर टास्क फोर्स की कार्रवाई, 2 ट्रैक्टर जब्त

