Home » Dhanbad News : धनबाद स्टेशन से शराब की बड़ी खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार

Dhanbad News : धनबाद स्टेशन से शराब की बड़ी खेप के साथ तस्कर गिरफ्तार

होली पर बिहार में थीं अंग्रेजी शराब को खपाने की तैयारी

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad : होली के त्योहार और बिहार में शराब की डिमांड को देखते हुए तस्कर सक्रिय हो गए हैं। शराब तस्कर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बिहार ले जाने के फिराक में थे। लेकिन धनबाद रेल मंडल की चौकसी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की विशेष टीम ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत सोमवार देर रात धनबाद स्टेशन पर छापेमारी कर एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से लगभग 20 हजार रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गठित टास्क टीम और सीआइबी की टीम स्टेशन परिसर में संदिग्धों पर नजर रख रही थी। इसी बीच मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर दो के कालका छोर पर घेराबंदी की। वहाँ एक युवक लाल रंग के भारी ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में ट्रेन का इंतजार कर रहा था। पुलिस को देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगा लेकिन सतर्क जवानों ने उसे दबोच लिया।इसके बाद उक्त व्यक्ति की तलाशी ली गयी जिनमे आरोपी के बैग से ‘रॉयल स्टैग’ ब्रांड की 48 बोतलें (कुल 18 लीटर) बरामद हुईं।

आरोपी की पहचान बिहार के सासाराम निवासी नितेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह झारखंड से सस्ती दरों पर शराब खरीदकर बिहार ले जा रहा था जहां शराबबंदी के कारण इसे होली के दौरान ऊंचे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाने की योजना थी। आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जानकारी उसके परिजनों को दे दी गई है। इस कार्रवाई में सउनि सुशील कुमार (एआईबी), सउनि जीवलाल राम (आरपीएफ पोस्ट) और हवलदार ब्रजेश कुमार सहित 10 सदस्यीय टीम ने अहम भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Comment