Dhanbad (Jharkhand) : झारखंड के धनबाद जिले में साइबर ठगों ने एक नया पैंतरा अपनाया है। इन शातिरों ने सीधे उपायुक्त आदित्य रंजन को ही अपना निशाना बनाया है। किसी अज्ञात ठग ने डीसी की प्रोफाइल फोटो और नाम का इस्तेमाल करते हुए एक फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया है। इस फर्जी अकाउंट से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है और मैसेंजर पर मैसेज करके ठगी करने की कोशिश की जा रही है।
डीसी ने की सतर्क रहने की अपील
इस घटना के सामने आने के बाद डीसी आदित्य रंजन ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों से कहा है कि अगर किसी भी अनधिकृत सोशल मीडिया अकाउंट या फोन नंबर से पैसों की मांग की जाती है, कोई प्रलोभन दिया जाता है या कोई संदिग्ध लिंक भेजी जाती है, तो तुरंत उस अकाउंट को ब्लॉक करें और फेसबुक को रिपोर्ट करें।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि किसी भी संदिग्ध मैसेज या लिंक पर क्लिक करने से बचें। ऐसे मामलों की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) या नजदीकी पुलिस थाने में दर्ज कराई जा सकती है। डीसी ने खुद इस मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है, ताकि ठग के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।

