
चतरा : कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव में मंगलवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया। गांव के पास सुनसान इलाके में करीब 16-17 साल की एक लड़की का शव बरामद हुआ है। अपराधियों ने न सिर्फ किशोरी को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, बल्कि उसकी शिनाख्त मिटाने के मकसद से चेहरा भी बुरी तरह कुचल दिया। जैसे ही ग्रामीणों की नजर इस लहूलुहान शव पर पड़ी, पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई।
सूचना पाते ही कुंदा थाने की पुलिस टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस की पहली प्राथमिकता मृतका की पहचान करना है। इसके लिए आसपास के गांवों और थानों से संपर्क साधा जा रहा है।
शुरुआती तफ्तीश और शरीर पर मौजूद चोटों के निशान देखकर साफ लग रहा है कि हत्या से पहले किशोरी के साथ काफी मारपीट की गई है। पुलिस अब इस उलझन को सुलझाने में लगी है कि लड़की बेसरा गांव तक कैसे पहुंची? क्या उसे किसी बहाने से यहां लाकर मार डाला गया या वारदात कहीं और अंजाम देकर शव को यहां लाकर फेंका गया है?
फिलहाल, पुलिस स्थानीय लोगों से गुप्त पूछताछ कर रही है और हर एक संभावित बिंदु पर बारीकी से काम कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिनाख्त होने के बाद ही हत्या की असली वजह और इसमें शामिल कातिलों का सुराग मिल सकेगा।
Read Also: Jharkhand Crime: दोस्ती, दगा और धमकी…, युवती को ब्लैकमेल करने वाला को पुलिस ने ऐसे दबोचा

