
जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय (केयू), चाईबासा के सातवें दीक्षांत समारोह को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मंगलवार को जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, यह भव्य दीक्षांत समारोह आगामी 29 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए उपाधि प्राप्त करने के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 15 सितंबर से बढ़ाकर 17 सितंबर 2026 कर दी है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि स्नातकोत्तर (पीजी) के वैसे विद्यार्थी जो टॉपर्स की सूची में शामिल नहीं हैं, वे भी दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेकर अपनी मूल डिग्री प्राप्त कर सकेंगे। ऐसे विद्यार्थियों को निर्धारित आवेदन फॉर्म भरकर 500 रुपये का शुल्क जमा करना होगा।
दीक्षांत समारोह से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, नियम व शर्तें और रजिस्ट्रेशन फॉर्म विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.kolhanuniversity.ac.in पर उपलब्ध करा दिए गए हैं, जहां से विद्यार्थी फॉर्म डाउनलोड कर आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
पीएचडी शोधार्थियों के लिए नियम व शुल्क
पीएचडी के शोधार्थियों के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जिन शोधार्थियों की उपाधि से संबंधित अधिसूचना 31 जुलाई 2026 तक जारी हो चुकी है, वे 2000 रुपये का शुल्क अदा कर समारोह में अपनी डिग्री हासिल कर सकते हैं।
उपाधि के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ निम्नलिखित महत्वपूर्ण दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा:
- एडमिट कार्ड और मार्कशीट की प्रति
- मैट्रिक बोर्ड प्रमाणपत्र
- आधार कार्ड की छायाप्रति
- दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो
- विद्यार्थियों को निर्धारित शुल्क का भुगतान डिमांड ड्राफ्ट (डीडी) अथवा बैंक चालान के माध्यम से ‘रजिस्ट्रार, कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा’ के पक्ष में करना होगा।
Read Also: Jharkhand Crime: दोस्ती, दगा और धमकी…, युवती को ब्लैकमेल करने वाला को पुलिस ने ऐसे दबोचा

