
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय रूपुषकुंडी में हुई पंखा चोरी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में फौरन कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित चोरी का माल खरीदने वाले दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है।
28 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने स्कूल के विभिन्न कमरों से कुल 10 सीलिंग पंखे और 3 वॉल पंखे चोरी कर लिए थे। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक धनंजय हेम्ब्रम की लिखित शिकायत पर चाकुलिया थाना में बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने 14 सितंबर को सापधरा निवासी तमिर महतो उर्फ पाण्डु महतो को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की बात कबूल की और बताया कि चोरी के पंखे पश्चिम बंगाल के झारग्राम स्थित काशीनाथ मंडल की रिपेयरिंग दुकान में बेचे गए थे।
पुलिस ने पाण्डु महतो की निशानदेही पर उसके घर से 3 सीलिंग पंखे, औजार और मोबाइल बरामद किए। वहीं, झारग्राम में छापेमारी कर काशीनाथ मंडल की दुकान से 4 पंखे (खुले हुए पार्ट्स) जब्त कर दुकानदार को भी गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

