
Jamshedpur : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने एक पिता को उस वक्त निशाना बनाया, जब वे अपने बेटे को ट्यूशन से लेने पहुंचे थे। अपराधियों ने टेल्को प्रेमनगर (रोड नंबर-2) निवासी अविनाश कुमार के साथ सरेराह मारपीट की और उनके पास से करीब 8.5 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए। मंगलवार को पुलिस ने पीड़ित के आवेदन पर एफआईआर दर्ज की है घटना सोमवार रात गोलमुरी गुरुद्वारा के पास की है।
लूटी गई सोने की चेन की अनुमानित कीमत ₹2.5 लाख और सोने के ब्रेसलेट की अनुमानित कीमत ₹6 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा, जेब में रखे ₹26,000 नकद भी लूट लिए गए। मारपीट में घायल होने के बाद पीड़ित ने एमजीएम अस्पताल में अपना इलाज कराया।
पीड़ित अविनाश कुमार के मुताबिक, वे गुरुद्वारा के समीप अपने बेटे का इंतजार कर रहे थे। तभी अचानक दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और जबरन उनकी जेब की तलाशी लेने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ जमकर हाथापाई की और सोने की चेन, ब्रेसलेट व कैश छीनकर चंपत हो गए।
पीड़ित ने मंगलवार को गोलमुरी थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए दोनों आरोपियों की पहचान में जुटी है।

