
Jamshedpur : सोनारी स्थित आरएमएस हाई स्कूल के स्विच रूम में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगने के बाद स्विच रूम और आसपास के कमरों में धुआं भर गया। धुआं क्लासरूम तक पहुंच गया था। इससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कई बच्चों ने खांसी और आंखों में जलन की शिकायत की। घटना के समय स्कूल में करीब 1200 बच्चे अलग-अलग कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। स्विच रूम के पास नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी की कक्षाएं संचालित हो रही थीं। आग और धुआं फैलने के बाद इन कक्षाओं में सबसे पहले धुआं पहुंचा जिससे बच्चों को परेशानी हुई। स्थिति को देखते हुए शिक्षकों ने तत्काल बच्चों को क्लासरूम से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्रभावित कक्षाओं के बच्चों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया। घटना की सूचना मिलते ही कई अभिभावक स्कूल पहुंच गए। स्कूल प्रबंधन ने स्थिति नियंत्रित होने तक बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा।
20 मिनट में पहुंची दमकल टीम, बिजली काटकर बुझाई आग
आग लगने की सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद झारखंड अग्निशमन विभाग की टीम और एंबुलेंस आरएमएस हाई स्कूल पहुंची। मौके पर पहुंचते ही सुरक्षा के मद्देनजर बिजली की लाइन काटी गई। इसके बाद दमकल कर्मियों ने स्कूल में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की मदद से स्विच रूम में लगी आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। आग पूरी तरह बुझने के बाद दमकल कर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया और स्कूल परिसर को सुरक्षित किया। इसके बाद परिसर में सामान्य स्थिति बहाल की गई। घटना को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने छुट्टी की घोषणा कर दी और बच्चों को सुरक्षित उनके घर भेज दिया।
सूचना मिलते ही अभिभावक पहुंचे स्कूल
वहीं शार्ट सर्कत से आग लगने की सूचना जैसे ही अभिभावकों को हुई वे स्कूल पहुंच गए जिसकी वजह से परिसर में भीड़ लग गयी। इस दौरान अभिभावक अपने बच्चे की तलाश करते नजर आए। हालांकि अच्छी बात यही रही कि सभी अभिभावकों को स्कूल के शिक्षकों ने उनके बच्चों को हैंडओवर किया जिससे उन्होंने राहत की सांस ली।
सभी बच्चों को सुरक्षित भेजा गया घर: प्रिंसिपल
स्कूल की प्रिंसिपल प्रतिमा सिंह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण स्कूल के स्विच रूम में आग लगी थी। इसके कारण आसपास के कमरों में धुआं भर गया था। शिक्षकों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया। किसी भी बच्चे को कोई परेशानी नहीं हुई। स्कूल की छुट्टी का समय होने के कारण बच्चों को घर भेज दिया गया।
Read also Jamshedpur News : दुर्गा पूजा से पहले समस्याओं का समाधान कराए प्रशासन : सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति

