धनबाद : झारखंड के धनबाद जिले के मुनीडीह क्षेत्र में शनिवार को देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जब गैस कटर सिलेंडर अचानक विस्फोट कर गया। इस दर्दनाक घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Read Also- Jharkhand Bureaucracy : नौकरशाही : कुमार का संतुलन
आधी रात धमाके से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, यह घटना मुनीडीह इलाके में आधी रात के करीब हुई, जहां 8 से 10 लोग मौजूद थे। अचानक गैस कटर सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के बाद जहरीली गैस तेजी से फैलने लगी, जिससे मौके पर मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए और दम घुटने जैसी स्थिति पैदा हो गई।
इलाज के दौरान दो की मौत
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच (शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज-अस्पताल) ले जाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत में भर्ती चार लोगों में से संजय यादव और मोहम्मद अजहरुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहम्मद अब्राहिम और मोहम्मद इमामुद्दीन का इलाज अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
सांस फूलने और बेहोशी के बाद मौत
संजय यादव के परिजनों के मुताबिक, वह रात में दोस्त के साथ काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात करीब एक बजे वह घर लौटे और उन्हें तेज सांस फूलने, खांसी और बेचैनी की शिकायत होने लगी। उनकी हालत तेजी से बिगड़ती चली गई और मुंह से झाग निकलने लगा। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि गैस कटर सिलेंडर में तकनीकी खराबी या लापरवाही के कारण विस्फोट हुआ। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय वहां किस तरह का काम चल रहा था और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

