धनबाद : धनबाद के केंदुआडीह कोलियरी क्षेत्र में पांच जगहों पर जहरीली गैस का रिसाव हो रहा है। इससे अब तक एक बच्चे की मौत और दो दर्जन लोगों के बीमार पड़ने की बात कही जा रही है। बुधवार को बीसीसीएल की केंदुआडीह कोलियरी के प्रबंधक ने नोटिस जारी किया है। इसमें कहा गया है कि राजपूत बस्ती में मस्जिद के आसपास कई जगहों से जहरीली गैस का रिसाव हो रहा है, इसकी चपेट में आने से जान जाने की आशंका है। ऐसे में स्थानीय लोगों से अपील है कि वे यथाशीघ्र किसी सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।

कोलियरी प्रबंधन गैस रिसाव समाप्त करने के लिए कदम उठा रहा है। इस नोटिस के लगते ही पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। इस क्षेत्र में करीब एक हजार लोग रहते हैं। बताया जाता है कि दो दर्जन से अधिक लोग बीमार हो गए हैं। सभी को आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। लाउडस्पीकर से क्षेत्र खाली करने की घोषणा की जा रही है।
क्षेत्र में पुलिस तैनात कर दिए गए हैं। आधा दर्जन एंबुलेंस को भी क्षेत्र में तैयार रखा गया है। बीसीसीएल के कुसुंडा एरिया सेफ्टी आफिसर तुषारकांत ने बताया कि कई जगहों पर गैस रिसने की आशंका है। गैस के घनत्व का पता नहीं चल पाया है, लेकिन दुर्गंध काफी ज्यादा है।
बच्चे होने लगे बेहोश, पक्षी भी गिरने लगे
स्थानीय लोगों ने बताया कि गैस रिसाव से बच्चे बेहोश होने लगे। पक्षी भी तड़प-तड़प कर पेड़ से गिरने लगे। कई पक्षियों की मौत हो गई। कई लोग उल्टी की शिकायत कर रहे हैं। स्थानीय निवासी टिंकू अंसारी ने बताया कि इलाके में कई लोग अचानक बीमार हो गए हैं। रामकिशन के अनुसार, गैस से उनका पालतू तोता भी मर गया। महेश गोस्वामी ने बताया कि उनकी बच्ची घर से निकलते ही बेहोश होकर गिर पड़ी। अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि यह जहरीली गैस का असर है।
बीसीसीएल के वेंडर लखनलाल बरनवाल ने कहा कि गैस रिसाव का सटीक स्रोत पता चलते ही उसे भरने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद धनबाद के विधायक राज सिन्हा घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित इलाके का दौरा किया। उन्होंने तत्काल उपायुक्त आदित्य रंजन से बात कर तत्काल राहत कार्य चलाने की मांग की।
Read Also: Jharkhand Nirsa Colliery Theft : निरसा में कोलियरी के पंप हाउस से पांच लाख रुपए के क्वायल की चोरी

