सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित बड़डीह गांव के पास बीती रात अपराधकर्मियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। अपराधकर्मियों ने यशपुर पंचायत की मुखिया पार्वती सरदार के पति और पारा शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सोनू सरदार (40) की गोली मारकर हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार सोनू सरदार को सात गोलियां मारी गईं। घटना के वक्त वह गंजिया में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे जैसे ही वह बड़डीह गांव स्थित स्कूल के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधकर्मियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस की ओर से बताया गया है कि मामले की जांच जारी है। इसके साथ ही अपराधियों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

