Dumka (Jharkhand) : झारखंड के दुमका जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां ठगी के आरोप में बेटे की गिरफ्तारी से परेशान एक पिता ने आत्महत्या कर ली। यह घटना तब हुई जब पिता अपने बेटे से मिलकर लौट रहा था।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को नगर थाना पुलिस ने देवघर के कारो निवासी चंदन कुमार सिंह को ₹8,100 की ठगी के प्रयास में गिरफ्तार किया था। चंदन पर श्री रामपाड़ा में हरि ज्वेलर्स से गहने खरीदने और ऑनलाइन भुगतान का बहाना बनाकर भागने का आरोप था। महिला दुकानदार रितु वर्मा के शोर मचाने पर उसके देवर और बेटे ने पीछा कर उसे पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया था।
थाने से लौटते वक्त खाली दुकान में लगाई फांसी
जब चंदन के पिता पुरंदर सिंह को बेटे की गिरफ्तारी की खबर मिली, तो वह मोटरसाइकिल से नगर थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मुलाकात कर बेटे की गिरफ्तारी का कारण पूछा। थाना प्रभारी नंद किशोर प्रसाद ने बताया कि पुलिस द्वारा पूरी बात बताने पर पुरंदर सिंह बिना कुछ बोले वहां से चले गए।
शुक्रवार की सुबह दुधानी में एक खाली चाय की दुकान में उनका शव फांसी पर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस से पहचान की पुष्टि हुई। पुरंदर सिंह के परिजनों ने बताया कि वह चंदन सिंह के पिता थे। पुलिस का अनुमान है कि बेटे की गिरफ्तारी से आहत होकर ही उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए परिजनों के आने का इंतजार कर रही है।

