रांची : आकलन-प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से उनके आवास पर मुलाकात कर लंबित मांगों को रखा। प्रतिनिधिमंडल ने आकलन परीक्षा प्रमाण पत्र को मान्यता देने, सहायक आचार्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर देने और समान कार्य के लिए समान वेतनमान लागू करने समेत कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभागीय मंत्री के लौटते ही सभी पक्षों के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखा गया है और जल्द सकारात्मक पहल की जाएगी। साथ ही शिक्षकों से अनशन समाप्त कर संवाद प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की अपील की।
मंत्री के आश्वासन पर भरोसा जताते हुए संघर्ष मोर्चा ने अपना आमरण अनशन समाप्त कर दिया। यह अनशन 18 अप्रैल से रांची के नागा बाबा खटाल में चल रहा था, जिसमें कई शिक्षकों की तबीयत भी बिगड़ गई थी। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि शीघ्र ही उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लिया जाएगा।

