Koderma : कोडरमा स्टेशन पर शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय महिला की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला मुस्कान मसी, पति तपन मसी (रामबंध, थाना हीरापुर, वर्धमान, पश्चिम बंगाल, निवासी ) सियालदह-जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12379) के बी-3 कोच में सफर कर रही थी।
बताया जाता है कि वह अपने दो जुड़वा शिशुओं (महज 2-3 माह) और एक भांजी के साथ आसनसोल से दिल्ली जा रही थी। कोडरमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर ट्रेन रुकने के दौरान वह कुछ सामान लेने के लिए नीचे उतरी। इसी बीच ट्रेन खुल गई। हड़बड़ी में दोबारा चढ़ने के प्रयास में वह दो बोगियों के बीच गैप में फंस गई और नीचे गिरकर ट्रेन के पहिए की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ मौके पर पहुंची और दोनों मासूम बच्चों व भांजी को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर स्वजनों को सूचना दी।
स्टेशन पर आधे घंटे खड़ी रही ट्रेन
इस हादसे के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे पीछे चल रही रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस, गया-आसनसोल ईएमयू और झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ।

