Jamshedpur : जमशेदपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) टाटानगर और जीआरपी टाटानगर को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, चक्रधरपुर (CKP) और रेल एसपी जमशेदपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
शुक्रवार की रात को आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से करीब 15 किलो गांजा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों का नाम उपेंद्र कुमार (उम्र लगभग 38 वर्ष) और विनोद साव (उम्र लगभग 55 वर्ष) हैं। दोनों आरोपी बिहार के नवादा जिले के रजौली के निवासी हैं।
गिरफ्तारी के बाद दोनों तस्करों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया है। यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नार्कोस के तहत की गई है।

