
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया है। शनिवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक हुई।
बैठक में जिले के चिन्हित 10 हॉटस्पॉट पर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। बताया गया कि अगस्त माह में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 75 किलोग्राम गांजा और 36 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। इस दौरान 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
उपायुक्त ने संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्कूल-कॉलेजों में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान लगातार चलाने पर जोर दिया।
बैठक में नशा मुक्ति और पुनर्वास सेवाओं को प्रभावी बनाने तथा नशे से प्रभावित लोगों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में त्वरित अनुसंधान और प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ड्रग्स की बिक्री, सेवन या परिवहन से जुड़ी जानकारी टोल फ्री नंबर 112 या पुलिस कंट्रोल रूम 0657-2431028 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Read also – Jamshedpur News : कदमा में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व नकदी चोरी, डेढ़ घंटे में वारदात

