
रांची: सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए आज का दिन एक नई सुबह लेकर आया। केंद्र सरकार की ओर से आयोजित 20वें ‘रोजगार मेले’ के तहत देश भर में खुशियों के चिराग रोशन हुए। रांची समेत देश के 45 प्रमुख शहरों में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 51 हजार से ज्यादा सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल माध्यम से जुड़कर सभी नवनियुक्त युवाओं को बधाई दी और देश के प्रति उनके कर्तव्यों का बोध कराया।
रांची में बिखरी नई उम्मीदों की चमक
राजधानी रांची के सीसीएल दरभंगा हाउस में आयोजित विशेष समारोह में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। यहां झारखंड के 143 होनहार युवाओं को उनके नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इन सभी अभ्यर्थियों का चयन भारतीय रेलवे, डाक विभाग, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड, केंद्रीय भंडारण निगम, रक्षा मंत्रालय, सीआईएसएफ, सांख्यिकी मंत्रालय और बैंकिंग जैसे महत्वपूर्ण सरकारी महकमों में हुआ है। लंबे संघर्ष और कठिन परिश्रम के बाद मिली इस कामयाबी से युवाओं के साथ-साथ उनके परिवारों की आंखें भी खुशी से नम हो गईं।
पीएम का आह्वान, देश के निर्माण में युवा निभाएं अपनी भूमिका
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवचयनित कर्मचारियों को पूरी निष्ठा के साथ काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से किया गया काम ही जनता और देश की असली सेवा है। पीएम ने जोर देकर कहा कि भारत इस समय 2047 तक ‘विकसित राष्ट्र’ बनने के एक महान लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। इस सपने को साकार करने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवा शक्ति के कंधों पर ही है। आज पूरी दुनिया भारत के युवा हुनरमंदों, वैज्ञानिकों और नए उद्यमियों के सामर्थ्य को लोहा मान रही है, इसलिए हर नए कर्मचारी का निर्णय देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में होना चाहिए।
संजय सेठ बोले- अब डाकिया नहीं, सीधे पीएम देते हैं गुड न्यूज
कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मीडिया को संबोधित करते हुए इस दिन को बेहद शुभ बताया। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव के इस पावन समय में देश भर की बेटियों और बेटों को रोजगार का यह अनमोल उपहार मिला है। उन्होंने पुरानी व्यवस्था की याद दिलाते हुए कहा कि एक दौर वह था जब लोग महीनों तक डाकिए का इंतजार करते थे कि कब उनकी नौकरी का पत्र आएगा, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी खुद तकनीक के जरिए सीधे युवाओं से जुड़कर उन्हें सम्मानपूर्वक नियुक्ति पत्र सौंप रहे हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि इन रोजगार मेलों की श्रृंखला के जरिए अब तक 13 लाख से ज्यादा नौजवानों को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
कांग्रेस ने कहा- ‘प्रचार का चकाचौंध, धरातल पर सवाल गोल’
जहां एक तरफ जश्न का माहौल था, वहीं दूसरी ओर इस आयोजन को लेकर राजनीति भी गरमा गई। कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल उठाए। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आज देश का युवा वास्तविक रोजगार और स्थायी नौकरियों की मांग कर रहा है, जबकि सरकार मंच, माइक और कैमरों के जरिए अपनी ब्रांडिंग करने में जुटी है।
कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र देना सरकार का बुनियादी फर्ज है, कोई एहसान नहीं। चंद हजार अभ्यर्थियों को पत्र बांटकर करोड़ों बेरोजगार युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकारी महकमों में सालों से खाली पड़े लाखों पदों पर भर्तियां कब होंगी? परीक्षाएं देने के बाद सालों तक परिणाम और नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों का जवाब कौन देगा? उन्होंने मांग की कि सरकार को इन आयोजनों की चकाचौंध से बाहर निकलकर संसद और जनता के सामने रोजगार सृजन के पारदर्शी आंकड़े रखने चाहिए।
Read Also: amshedpur News : ब्राह्मण युवा शक्ति संघ चुनाव की तैयारी में जुटे चारों प्रत्याशी

