
Jamshedpur : ब्राह्मण युवा शक्ति संघ के जिला अध्यक्ष पद के लोकतांत्रिक चुनाव को लेकर शनिवार को सिदगोड़ा स्थित भास्कर भवन में चुनाव तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अध्यक्ष पद के चुनाव में भाग ले रहे चारों प्रत्याशियों के साथ चुनाव संचालन समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में चुनाव की तैयारियों, मतदान व्यवस्था और शांतिपूर्ण चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रत्याशियों को दिए गए चुनाव संबंधी निर्देश
चुनाव संचालन समिति के संयोजक एवं पूर्व डीएसपी कमल किशोर ने सभी प्रत्याशियों को चुनाव से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अब तक की चुनावी तैयारियों और मतदान व्यवस्था की समीक्षा की गई। समिति ने सभी प्रत्याशियों से चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
सुबह 9 बजे से होगा मतदान
बैठक में बताया गया कि रविवार सुबह 9 बजे से मतदान स्थल पर प्रत्याशी और मतदाता पहुंचेंगे। मतदाताओं से मतदान के दौरान अपना पहचान पत्र और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने को कहा गया। साथ ही मतदान प्रक्रिया से संबंधित जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए
पारदर्शिता और सौहार्द पर दिया जोर
चुनाव संचालन समिति के संयोजक अधिवक्ता अनिल तिवारी ने कहा कि ब्राह्मण युवा शक्ति संघ का चुनाव समाज में लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि चुनाव पूरी पारदर्शिता, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न होना चाहिए। यह चुनाव शहर में एक ऐतिहासिक उदाहरण बने और भविष्य में अन्य सामाजिक संगठनों के लिए भी सीख का माध्यम बने।
लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने की अपील
बैठक में चारों प्रत्याशियों ने चुनाव संचालन समिति को अपना सहयोग देने तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई। समिति ने सभी मतदाताओं से निर्धारित समय पर मतदान स्थल पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की।
बैठक में अनिल तिवारी, कमल किशोर, कमलेश दुबे, संतोष जोशी, अरुण शुक्ला, अप्पू तिवारी, अभिषेक ओझा, रंजीत झा, राजीव पांडेय, राकेश उपाध्याय, श्याम तिवारी, दिवाकर पांडेय, अभय पांडेय, पवन उपाध्याय, गौरव कुमार, राजकुमार चौबे, राजकुमार तिवारी, दीपू तिवारी समेत अन्य उपस्थित रहे।

