
Jamshedpur : केंद्र सरकार के प्रस्तावित एमएमडीआर संशोधन विधेयक के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शनिवार को राज्यभर में धरना-प्रदर्शन किया। पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर विधेयक को वापस लेने की मांग की। मानगो नगर निगम परिसर में भी झामुमो की ओर से धरना दिया गया।
मानगो में आयोजित धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक शेख बदरुद्दीन ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रस्तावित एमएमडीआर संशोधन विधेयक का विरोध जताया।
धरना को संबोधित करते हुए शेख बदरुद्दीन ने कहा कि प्रस्तावित संशोधन झारखंड के हित में नहीं है। झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े अधिकारों के मुद्दे पर झामुमो किसी तरह का समझौता नहीं करेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से विधेयक वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि जब तक इसे वापस नहीं लिया जाता, पार्टी का विरोध जारी रहेगा।
झामुमो नेता सरफराज हुसैन ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन का मामला राज्य के खनिज संसाधनों और जनता के अधिकारों से जुड़ा है। मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
Read also – Jamshedpur News : कदमा में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व नकदी चोरी, डेढ़ घंटे में वारदात

