
बोकारो : रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पटना से रांची जा रही जनशताब्दी एक्सप्रेस के इंजन से एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर रुकते ही चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की खबर मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब ट्रेन बोकारो स्टेशन पहुंची। ट्रेन रुकने पर लोको पायलट नीचे उतरा। उसे इंजन के पास से तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब उसने पास जाकर ध्यान से देखा, तो इंजन के अगले हिस्से यानी बफर में एक महिला का कटा सिर फंसा हुआ था। लोको पायलट ने बिना देर किए तुरंत ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ को इसकी सूचना दी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सिर को बाहर निकाला और उसे अपने कब्जे में लिया। जीआरपी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सिर के सफेद बालों को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की उम्र करीब 50 साल के आसपास रही होगी।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि यह हादसा किस जगह हुआ और महिला का सिर इंजन में कैसे फंसकर इतनी दूर तक आ गया। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें रेलवे ट्रैक और आसपास के स्टेशनों से जानकारी जुटा रही हैं, ताकि महिला की पहचान हो सके और घटना के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

