
Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र के पदमा रोड स्थित एलआईटी टाइप में शुक्रवार शाम चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय मकान मालिक विश्वनाथ राना परिवार के साथ मेला देखने गए थे।
जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ राना शाम करीब 7:30 बजे घर में ताला लगाकर परिवार के साथ निकले थे। रात करीब 8:50 बजे लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी टूटी मिली। अंदर जाने पर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था।
चोरों ने अलमारी का लॉक तोड़कर सोने का गले का सेट, चेन और अंगूठी के अलावा चांदी की छह जोड़ी पायल, सात अंगूठियां और चार बिछिया चोरी कर लीं। अलमारी में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गए।
परिवार के घर से निकलने और वापस लौटने के बीच महज करीब डेढ़ घंटे का अंतर था। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि वारदात से पहले घर की रेकी की गई हो सकती है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
घटना की सूचना मिलने पर कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। संदिग्धों की आवाजाही के साथ स्थानीय या बाहरी अपराधियों की संलिप्तता के बिंदु पर भी जांच की जा रही है।
Read also – Jamshedpur News : जमशेदपुर में यातायात नियम तोड़ने वालों को फूल देकर पुलिस ने दिया सुरक्षित सफर का संदेश

