
Jamshedpur : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम SIR-2026 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के सभी वीएलई के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष से हुई बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह भी मौजूद रहीं।
मीटिंग में दस्तावेजों के सत्यापन और ऑनलाइन निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भारतीय या विदेशी नागरिक के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करने अथवा अनधिकृत दस्तावेजीकरण में किसी वीएलई की संलिप्तता पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ई-रोल में किसी भी तरह की अनधिकृत छेड़छाड़ या हेरफेर से दूर रहने की हिदायत दी। वीएलई को केवल अधिकृत प्रक्रिया और निर्धारित दस्तावेजों के आधार पर ही काम करने को कहा गया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि यदि किसी वीएलई ने पूर्व में किसी विदेशी नागरिक से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार किया है, तो संबंधित व्यक्ति को सूचित किया जाए कि उस दस्तावेज का इस्तेमाल SIR-2026 में नहीं किया जाए। उपायुक्त ने निर्वाचन प्रक्रिया की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी वीएलई को पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

