
रांची : झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 25 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम में बदलाव के बीच तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है।
अगले दो दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने का अनुमान है। 20 से 22 सितंबर के बीच कई स्थानों पर बादल छाए रहने के साथ बारिश और मेघ गर्जन हो सकता है। वहीं, 23 सितंबर को राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम विभाग ने 21 सितंबर तक कुछ स्थानों पर गरज, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। 22 सितंबर को हवा की रफ्तार बढ़कर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 23 सितंबर को भी कई जगहों पर वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवा चलने की संभावना है। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां तथा मध्य झारखंड के रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
24 और 25 सितंबर को भी बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 सितंबर को झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर वज्रपात के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचना जरूरी है।
रांची में भी 25 सितंबर तक बादल छाए रहने के आसार
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में 20 से 25 सितंबर तक मौसम मुख्य रूप से बादलयुक्त रहने का अनुमान है। 20 सितंबर को एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
21 सितंबर को भी बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रह सकता है। 22 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दिन दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। 23 सितंबर को भी बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश की संभावना है और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

