देवघर : झारखंड के देवघर जिले में गुरुवार देर रात एक हत्या की वारदात सामने आई है। मोहनपुर थाना क्षेत्र के जयपुर मोड़ के पास अज्ञात हमलावरों ने 26 वर्षीय युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मृतक की पहचान राजन कुमार लाल (26) के रूप में की गई। वह रिखिया थाना क्षेत्र के बिहाई गांव का रहने वाला था।
जयपुर मोड़ फायरिंग: युवक को बनाया निशाना
वह गत गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे घर से बहन के यहां जाने की बात कहकर निकला था। देर रात करीब 11 बजे परिवार को सूचना मिली कि उसे गोली मार दी गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है।
चाय दुकान पर रुके, तभी हमलावरों ने बरसाई गोली
चश्मदीदों के मुताबिक, राजन अपने साले राहुल कुमार और अन्य लोगों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। रास्ते में जयपुर मोड़ के पास चाय पीने के लिए रुकने के दौरान एक अज्ञात वाहन से पहुंचे हमलावरों ने बिना किसी विवाद के सीधे उसके सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हुई मौत
स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजन को तुरंत देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटनास्थल से पिस्टल बरामद, पुलिस को अहम सुराग
पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर घटना के बाद अपनी पिस्टल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घटनास्थल से हथियार बरामद होने के बाद पुलिस को जांच में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।
दो संदिग्ध हिरासत में, कई एंगल पर जांच
मृतक के पिता दिनेश लाल ने मोहनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
Read Also- Ramgarh Crime News : पुरुष करते थे डकैती, महिलाएं छिपाती थीं गहने, पुलिस ने सात को किया गिरफ्तार

