Home » Ramgarh Crime News : पुरुष करते थे डकैती, महिलाएं छिपाती थीं गहने, पुलिस ने सात को किया गिरफ्तार

Ramgarh Crime News : पुरुष करते थे डकैती, महिलाएं छिपाती थीं गहने, पुलिस ने सात को किया गिरफ्तार

Jharkhand Hindi News : रजरप्पा डकैती कांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड और बिहार राज्य में कई स्थानों पर छापेमारी के बाद पुलिस को यह सफलता मिली है

by Rakesh Pandey
Ramgarh Crime News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़ : पुलिस को चकमा देने के लिए अपराधी गिरोह तरह-तरह के हथकंडे अपनाता है। हालांकि लगातार प्रयासों से पुलिस अपराधियों को पकड़ने में सफल भी हो जाती है। इसी कड़ी में रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर बाजार में जेवर दुकान में डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस डकैती गिरोह में शामिल दो महिलाओं सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही दुकान से लूटे गए 180 पीस से अधिक जेवर भी बरामद कर लिए हैं।

झारखंड के कई स्थानों पर छापेमारी के बाद मिली सफलता

शुक्रवार को रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डकैती कांड में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड और बिहार राज्य में कई स्थानों पर छापेमारी की गई। इस छापेमारी में कुजू ओपी के बरकट्ठी गांव निवासी सुभानी अंसारी उर्फ ललका, बिहार के नालंदा जिला के मनीष कुमार, उसकी पत्नी रीना देवी, नूरसराय थाने के गणपुरा गांव निवासी चंद्रावती देवी, रांची जिले के पंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत हेसल निवासी आनंद कुमार, न्यू विधानसभा थाना क्षेत्र के मुड़मा निवासी अरबाज अंसारी, दीपा टोली निवासी नसरुल्लाह अंसारी उर्फ राजा को पकड़ा गया है।

गिरोह के सुभानी का रहा है आपराधिक इतिहास, 15 मामले हैं दर्ज

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार सुभानी अंसारी उर्फ ललका का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ कुजू, मांडू, रजरप्पा, पेटरवार के अलावा जमशेदपुर रेल थाने में भी प्राथमिकी पहले से दर्ज है। उसके खिलाफ अभी तक कुल 15 मामले थाने और कोर्ट में चल रहे हैं।

लूटे गए जेवर को छिपाकर रखती थी महिलाएं

रामगढ़ में डाका डालने पहुंचा गिरोह काफी शातिर था। इस गिरोह की महिला सदस्य लूटे गए जेवर को छिपाने का काम करती थी। रामगढ़ में डकैती करने के बाद गिरोह के कई सदस्य फरार हो गए थे। उन लोगों ने सभी जेवर को चंद्रावती देवी और रीना देवी के हाथों में थमा दिया। लेकिन पुलिस ने गड़े हुए जेवर को भी बरामद कर लिया।

भारत सरकार लिखी गाड़ी से पुलिस को दिया चकमा

चितरपुर के शिव शंकर ज्वेलर्स में डकैती की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह ने भागने के लिए पुख्ता इंतजाम किया था। उन लोगों ने स्कूटी और बाइक से पहले डकैती की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद झारखंड राज्य से बाहर निकालने के लिए एक आर्टिका कार का उपयोग किया, जिस पर भारत सरकार लिखा हुआ था। इस गाड़ी का उपयोग डकैतों ने पुलिस को चकमा देने के लिए किया।

क्या-क्या हुआ बरामद

छापेमारी के दौरान गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल, 9 एमएम की 3 गोलियां, एक टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल जेएच 24 पी 4932, एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल जेएच 01 ईसी 5248, एक स्कूटी जेएच 01 ईयू 3788, एक स्मार्टफोन, अर्टिगा कार (बीआर 01 जेए 6449) जब्त किया गया है।

बरामद जेवर की पहचान करेगा दुकानदार

शिव शंकर ज्वेलर्स के मालिक विष्णु प्रसाद ने दुकान से एक करोड़ 5 लाख रुपए के जेवर लूटे जाने का दावा किया था। पुलिस ने भारी मात्रा में जेवर बरामद किए हैं। हालांकि बरामद आभूषणों का मूल्यांकन नहीं हो पाया है। एसपी मुकेश कुमार लुनायत में बताया कि बरामद जेवर की पहचान दुकानदार से कराई जाएगी।

Read Also- Hazaribagh Road Accident : सड़क दुर्घटना में शिक्षक की चली गई जान, स्कूल जाते समय ट्रेलर ने बाइक में मार दी टक्कर

Related Articles

Leave a Comment